संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। बगैर अनुमति सड़क खोदाई के मामले में नगर निगम द्वारा बुलडोजर चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार सड़क मरम्मत (पैचवर्क)की धनराशि भी चालक से वसूल की जाएगी।
नगर निगम ने 8 अगस्त को बिजली विभाग, दूरसंचार एवं अन्य विभाग को पत्र जारी किए थे। पत्र में निगम क्षेत्र में सड़कों की खोदाई से पूर्व एनओसी हासिल करने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद बीते रविवार को नगला भाऊ के समीप एक बुलडोजर चालक ने बगैर अनुमति करीब 20 मीटर हॉटमिक्स प्लांट सड़क को खोद दिया। सूचना के बाद एक्सईएन जलकल और अवर अभियंता टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बगैर अनुमति सड़क खोदाई करने वाला जेसीबी चालक कोई संतोष जनक जवाब नहीं दे सका। आसपास के लोगों ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा खोदाई कराई जा रही थी। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। इस मामले में नगर आयुक्त के निर्देश पर एक्सईएन फरहत अली ने सड़क खोदाई करने वाली बुलडोजर (नंबर यूपी-83-सीटी-9991) के चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।