फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित सीएमओ कार्यालय से डीएम क्लब और उससे सटी सड़क की दशा सुधार व नवीनीकरण का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से जर्जर सड़क की दशा सुधारने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। शासन ने स्वीकृति प्रदान करने के साथ ही करीब 90 लाख रुपये की धनराशि भी मंजूर की है।
सीएमओ कार्यालय से लेकर डीएम क्लब तक की करीब 150 मीटर लंबी सड़क कई साल से जर्जर थी। सड़क पर बीते दिनों पैचवर्क भी कराया गया था।
कुछ दिनों बाद गिट्टी उखड़ने से स्थिति जस की तस हो गई। पीडब्ल्यूडी विभाग ने सीएमओ कार्यालय से डीएम क्लब और उसके आसपास खराब सड़कों की दशा सुधारने के साथ ही नवीनीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था।
शासन ने पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
प्रस्ताव को मंजूरी के साथ सड़क सुधार व नवीनीकरण को करीब 90 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की स्थिति में जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने एवं काम शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।