नारखी क्षेत्र के बछगांव के पास हादसे के बाद क्षतिग्रस्त खड़ी प्राइवेट बस
- फोटो : FIROZABAD
नारखी (फिरोजाबाद)। बछगांव के पास बुधवार शाम को निजी बस और कैंटर की भिड़ंत में दस लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। मामूली रूप से घायल लोग घर चले गए।
फिरोजाबाद की ओर से जलेसर जा रही बस बछगांव के पास सामने से आ रहे कैंटर से टकरा गई। टक्कर लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में दस यात्री घायल हो गए थे।
इनमें से पांच मामूली रूप से चुटैल होने के कारण सीधे घरों को चले गए। जबकि पांच घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। घायलों में दीपक पुत्र विमल कुमार हटीगढ़ी, सुनीता पत्नी राजू, फूलनदेवी पत्नी अखिलेश, राखी पुत्री अखिलेश और गौरा देवी पत्नी महावीर सिंह शामिल हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक नारखी विनोद कुमार ने कहा कि बस और कैंटर की टक्कर होने से दस लोग घायल हुए थे। पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।