मक्खनपुर। थाना क्षेत्र में हाईवे पर हनुमान सीएनजी पंप कट के पास रविवार रात सड़क हादसे में कारखाने से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे केमिकल कारोबारी की मौत हो गई। उनके साथी गंभीर रूप से घायल हैं।
रात करीब 8:10 बजे किशन नगर निवासी केमिकल कारोबारी मनीष दुबे उर्फ मोंटू (38) अपने साथी रामनरेश निवासी सविता नगर, कोटला रोड, थाना उत्तर के साथ पल्सर बाइक से एक कारखाने से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मक्खनपुर क्षेत्र में हनुमान सीएनजी पंप कट के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर दूर तक फिसलती चली गई और दोनों सवार लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर तत्काल पहुंची इलाका पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के दौरान मनीष दुबे ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रामनरेश का इलाज जारी है।
मृतक मनीष दो भाइयों और चार बहनों में पांचवें नंबर पर थे। वह केमिकल कारोबार से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी अन्नू और तीन बेटियां मनी, लाड़ो व पीहू हैं। मनीष की असमय मौत से मासूम बेटियों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में घायल केमिकल कारोबारी की मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है और मामले की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।