थाना मक्खनपुर क्षेत्र सांती कट नये बाईपास के पास एक डबल डैकर बस खड़े ट्रक से टकराने के बाद की स्थि?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/मक्खनपुर। सिक्सलेन बाईपास पर दिल्ली से आ रही डबलडेकर बस शुक्रवार को तड़के सांती पुल के पास आगे जा रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में मैनपुरी के निवासी दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। गनीमत रही बस में बीस सवारियां होने के साथ गति भी धीमी थी। दिल्ली के नागलोई से सवारियों को बैठाकर चली डबलडेकर बस जब फिरोजाबाद जिले में सिक्सलेन बाईपास पर सांती पुल के पास पहुंची थी। इसी दौरान आगे जा रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। बस की रफ्तार काफी धीमी होने के कारण बस में सवार दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए।
हादसा होने के बाद मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। उन्होंने घायल दंपती को बस से नीचे उतारा। तत्काल ही एनएचएआई की एंबुलेंस के माध्यम से तीनों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेज दिया। घायलों में मैनपुरी जिले के थाना घिरोर के नगला बाग निवासी ब्रजेश कुमार (50) पुत्र रामस्वरूप एवं उनकी पत्नी गीता देवी (48) शामिल है। जबकि सात वर्षीय बालिका काव्या के हल्की चोट लगी थी। तीनों ही हरियाणा का बाजूगढ़ से ही अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। थानाप्रभारी निरीक्षक मक्खनपुर विनय कुमार मिश्र ने कहा कि बस की रफ्तार काफी धीमी थी और ट्रक में चालक की सीट से आगे टकराई है। इसके कारण सवारियों के ही मामूली रूप से चोट लगी है। यदि बस की रफ्तार तेज होती तो बड़ा हादसा हो जाता।