शिकोहाबाद नदी की सफाई कार्य का निरीक्षण करते हुए डीएम चंद्रविजय सिंह।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। सिरसा नदी को पुनर्जीवित करने के लिए बृहस्पतिवार को नगर पालिका ने एक जेसीबी और हाइड्रा मशीन लगाकर नदी में भरी गंदगी और सिल्ट निकालने का काम शुरू करा दिया। डीएम ने कार्य का निरीक्षण कर शीघ्र कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। सिरसा नदी नगर से होकर निकलती है। प्राचीन काल में सिरसा नदी का अपना महत्व था, लेकिन धीरे-धीरे नदी अपना अस्तित्व खोती चली गई। वर्तमान में लोगों ने नदी की जमीन पर कब्जा कर लिया है। स्थानीय लोगों एवं समाजसेवियों द्वारा नदी की सफाई के लिए मांग उठाई जाती रही है।
सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन ने नदी को साफ कराने का बीड़ा उठाया और मनरेगा के तहत प्रवासी मजदूरों से नदी की सफाई का कार्य शुरू करा दिया। कई ब्लॉकों में सफाई का कार्य पूर्ण हो चुका है। बुधवार से नगर की लगभग डेढ़ किलो मीटर सीमा में सफाई का कार्य शुरू हो गया। बृहस्पतिवार को पालिका द्वारा एक जेसीबी और हाइड्रा मशीन से नदी की सिल्ट और गंदगी को हटाने का काम शुरू कर दिया गया। सुबह लगभग 11 बजे के करीब डीएम चंद्र विजय सिंह ने नदियों की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे स्टेशन रोड स्थित पुल और घोड़ा घाट के समीप सफाई में आ रही अड़चन का निरीक्षण किया। इस दौरान पालिका कर्मचारियों ने सफाई कार्य में रोड़ा बन रहे कुछ अवैध अतिक्रमण के बारे में डीएम को अवगत कराया। डीएम ने एसडीएम से कह कर निर्माण कार्य को ध्वस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी अवधेश कुमार से कहा कि कार्य को शीघ्र समाप्त कराया जाए।