कश्मीरी गेट क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर नगर निगम के टैंकर से पानी भरते क्षेत्रीय लोगों की ?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। वार्ड संख्या-59 कश्मीरी गेट क्षेत्र के निवासियों की पेयजल व सड़क मार्ग से जुड़ीं समस्याओं का निदान नहीं हो पा रहा है। तीन माह से क्षेत्र के लोग क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम के जिम्मेदार लोगों से समस्याओं के निदान की गुहार लगा रहे हैं। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। लोगों ने 24 घंटे में समस्या निदान नहीं होने पर नगर निगम परिसर में धरना देने की चेेतावनी दी है।
कश्मीरी गेट क्षेत्र की प्रमुख गलियों में रास्ते काफी जर्जर हैं। क्षेत्रीय पार्षद मोहम्मद इसरार ने बताया कि मोहल्ले की कई गलियों में अभी तक पेयजल सप्लाई के लिए पाइप लाइन नहीं डाली गईं हैं। कई गलियों में मानक की अनदेखी कर डाली गई पाइप लाइन में पानी नहीं आता है।
इस कारण करीब 150 परिवारों में तीन माह से पेयजल का संकट है। लोगों को नगर निगम के टैंकरों से पानी ढोकर घरों तक लाना पड़ता है। क्षेत्रीय पार्षद और लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम के अफसरों और जिम्मेदारों को समस्या के निदान के लिए शिकायतीपत्र दिए हैं, लेकिन भेदभाव के कारण समस्या निदान की पहल नहीं की जा रही है। 24 घंटे में समस्या का निदान नहीं होने पर नगर निगम परिसर में अनिश्चित कालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।