गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारी सोमवार को देर शाम तक चली। परेड ग्रांउड को रंगोली सजाने के साथ ही सुंदर पौधे भी लगाए गए। वहीं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित कराने की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रतिसार निरीक्षक कर्ण सिंह यादव ने बताया कि गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि फीरोजाबाद सांसद अक्षय यादव होंगे। नौ बजे परेड का आगमन मैदान में होगा। 9.20 बजे एसएसपी परेड ग्राउंड पर पहुंचेंगे। 9.30 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। 9.35 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। वहीं 9.55 बजे मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरण एवं संबोधन किया जाएगा। 10.10 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाई महापुरुषों की प्रतिमा
फीरोजाबाद। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाएं रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाती नजर आईं। साथ ही नगर निगम प्रांगण को भी झालरों से सजाया गया। नगर निगम के अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस पर तैयारी पूर्ण की।
नगर निगम प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस की तैयारियां कई दिनों से की जा रही हैं। सुभाष गांधी, गांधी पार्क चौराहा और गांधी पार्क के अंदर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास युद्धस्तर पर सफाई कार्य कराया गया। सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं को आकर्षक झालरों से सजावट कराई गई है। गणतंत्र दिवस पर नगर निगम, जलकल विभाग सहित शहर के सुभाष तिराहा, गांधी पार्क, शास्त्री मार्केट, चंद्रशेखर मार्केट, लेबर कालोनी, रसूलपुर, कोटला रोड, सुहाग नगर, डाकबंगला, मोहल्ला कोटला में स्थापित माल्यार्पण कार्यक्रम की सूची को अंतिम रूप दिया गया। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर शहर में स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। वहीं गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सुभाष तिराहा स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद पं. बनारसी दास चतुर्वेदी, महात्मा गांधी, भारत माता, दीनदयाल उपाध्याय, राम मनोहर लोहिया, लाल बहादुर शास्त्री झलकारी बाई प्रतिमा के साथ अंहिसा स्तंभ रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाते नजर आए।
फरिहा में रहेगी गणतंत्र दिवस की धूम
फरिहा (ब्यूरो)। गणतंत्र दिवस पर गांव गांगनी में एसबीआर भूदेवी उमा माध्यमिक विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी प्रबंधक विंकल शर्मा ने दी। विद्याराम इंटर कॉलेज, योगीराज इंटर कॉलेज, कालेश्वर विद्या मंदिर, सरस्वती ज्ञान मंदिर में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा।