सोमवार को पुलिस ने ट्रैफिक को नियमानुसार चलाने का प्रयास किया तो हाईवे से लेकर सर्विस रोड तक जाम लग गया। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम लगने से भी लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे वाहन चालकों को यातायात नियम का पालन कराने के लिए सीओ सिटी राजेश चौधरी पुलिस फोर्स के साथ सुभाष तिराहा पर पहुंचे। इस दौरान कोतवाल दक्षिण श्रीप्रकाश चंद्र यादव, थानाध्यक्ष रसूलपुर शैलेंद्र यादव व एसएसआई उत्तर पुलिस बल के साथ मौजूद थे। आगरा और शिकोहाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को पुलिस ने ट्रैफिक सिग्नल के हिसाब से सुभाष तिराहे से क्रास कराना शुरू कराया तो सर्विस रोड के साथ सुभाष तिराहा से लेकर बस स्टैंड जाने वाले मार्ग पर जाम लग गया। लोगों ने गलियों से वाहनों को निकालने का प्रयास किया, तो वहां भी जाम लग गया। हाईवे जाम होते ही पुलिस के पसीने छूट गए। इसके बाद जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए गए। अधिकारी शाम करीब छह बजे तक जाम खुलवाते नजर आए। सीओ सिटी राजेश चौधरी का कहना है कि सुभाष तिराहा पर ट्रैफिक के हिसाब से सिग्नलों की टाइमिंग ठीक नहीं है। इसके चलते जाम लगा।