फिरोजाबाद। निगम के स्वामित्व वाली दुकानों के किराया बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव को अमली जामा पहनाने की जरूरी कवायद शुरू हो गई है। बीते 20 दिसंबर को हुई कार्यकारिणी बैठक में हुए निर्णय के आधार पर नगर आयुक्त के निर्देश पर नौ सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।नगर निगम के स्वामित्व वाली दुकानों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। करीब छह माह पुराने प्रस्ताव को सर्व सम्मति से पारित करने की कवायद भी चल रही थी। बीते 20 दिसंबर को निगम कार्यकारिणी में भी यह मुद्दा उठाया गया। काफी देर चली चर्चा के बाद दुकानों का किराया बढ़ाने के संबंध में अंतिम निर्णय को पार्षदों,व्यापारी नेताओं व दुकानदारों की संयुक्त कमेटी बनाने पर सहमति बन गई। वहीं सहमति बनने के बाद नगर आयुक्त द्वारा कमेटी गठन के निर्देश जारी किए गए।
नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद ने उप सभापति निगम कार्यकारिणी विजय शर्मा के नेतृत्व में एक नौ सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी में वरिष्ठ सदस्य श्याम सिंह यादव, अजय गुप्ता, प्रमोद राजौरिया, देश दीपक यादव पार्षदों के अलावा व्यापारी नेता रविंद्र लाल तिवारी, अंबेश शर्मा एवं व्यापारी संजय बंसल और रवि शर्मा को शामिल किया गया है।कमेटी गठन के बाद के स्वामित्व वाली दुकानों के किराया बढ़ाने संबंधी कार्रवाई में निकट भविष्य में पूरी होने की उम्मीद है।