रावण 40, कुंभकरण का कद 35 फीट
- फोटो : Amar Ujala
पुतले को आकर्षक बनाने में आधा दर्जन से अधिक कारीगर 24 घंटे काम कर रहे
रामलीला में इस बार 40 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। रावण के इस पुतले को आकर्षक बनाने के लिए आधा दर्जन से अधिक कारीगर 24 घंटे काम में जुटे हैं।
श्री सनातन धर्म रामलीला महोत्सव में दशहरा के दिन रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। मेला कमेटी रावण के भव्य पुतले का निर्माण करा रही है। मटसैना के गांव गिधौरा निवासी कमलेश, रमेशचंद्र, राहुल, अनिल, रवी व रिंकू की टीम रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतले बनाने में जुटी है। कमलेश बताते हैं कि हमारी तीन पीढ़ियां इस कार्य को करती आ रही हैं। कमलेश के बच्चे व रिश्तेदार भी इस काम में दिलचस्पी ले रहे हैं। रावण व मेघनाथ का पुतला 40 फुट तथा कुंभकरण का पुतला 35 फुट ऊंचा होगा। पेंटर भगत सिंह ने बताया कि रावण के चेहरे को आकर्षक लुक देने पर सबसे अधिक जोर है। कमलेश बताते हैं कि रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण का पुतला बनाने करीब 20 दिन लगते है। 50 हजार रुपये मजदूरी मिलती है। कमेटी सामान उपलब्ध कराती है।
सवा लाख की आतिशबाजी
रामलीला मैदान में रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतला दहन के दौरान आतिशबाजी का नजारा देखने को मिलेगा। श्री रामलीला सनातन महोत्सव समिति ने फतेहाबाद से सवा लाख रुपये की आतिशबाजी मंगाई है। इसमें आसमानी शॉट, रॉकेट, अनार, साउंड मशाल, सितारे, म्यूजिकल और रंग-बिरंगी आतिशबाजी शामिल है।