हाजीपुरा में राशन लेने के लिए कतार में खड़े लोग।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। राशन वितरण व्यवस्था मंगलवार को ई-पॉस मशीनों के नहीं चलने के कारण फेल हो गई। घंटों तक इंतजार करने के बाद कार्डधारक बैरंग लौटने को मजबूर हो गए। इस तरह का आलम शहर से लेकर गांव तक देखने को मिला। राशन डीलरों ने पूर्ति विभाग के अफसरों को शिकायत दर्ज कराई। बताते हैं कि नेट कनेक्टिविटी में दिक्कत के कारण ऐसी स्थिति बनी है।
राशन सामग्री का वितरण एक जून से जिले के सभी 860 राशन की दुकानों पर शुरू हो गया था। पहले दिन तोराशन सामग्री का वितरण ठीक ढंग से चला। दूसरे दिन की शुरूआत ठीक रहे लेकिन आठ बजते-बजते ई-पॉश मशीनों ने काम करना बंद कर दिया। कार्ड नंबर डालने के साथ जैसे ही अंगूठा लगवाया तो फिर काफी देर तक ओके का इंतजार राशन दुकानदारों को करना पड़ा। सुबह आठ बजे से लेकर 11 बजे तक इसी तरह की स्थिति देखने को मिली, लेकिन लंबी-लंबी कतारें लगाए सुबह से खड़े उपभोक्ता छांव में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई महिलाएं तो खाना खाने के लिए घर चलीं गई।
परिवार के दूसरे सदस्य को अपने नंबर पर खड़ा कर दिया। वहीं जिनका नंबर आने में काफी देर लग रही थी वह घर बैरंग लौट गए। ऐसी स्थिति चंद्रवार गेट, जोशियान मोहल्ला, नई बस्ती, तिलक नगर स्थित राशन की दुकान पर देखने को मिली। रसूलपुर क्षेत्र के साथ महादेव नगर, दखल, कटरा पठानान स्थित राशन की दुकान पर मशीन नहीं चली। राशन दुकानदार यूनियन के अध्यक्ष अली मोहम्मद खान ने कहा कि मंगलवार को ई-पॉश मशीनों के नहीं चलने के कारण काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा है। दोपहर एक बजे के बाद मशीन कुछ रुककर काम करने लगी थी। इसके कारण जो उपभोक्ता घंटों से कतार में लगे थे। उनको सामग्री देना प्रारंभ कर दिया था। उन्होंने कहा कि पूर्ति विभाग के अफसरों को ई-पॉश मशीनों के नहीं चलने की जानकारी दे दी है।