फिरोजाबाद। नारखी थाना क्षेत्र के गांव सदाईगढ़ी में मंगलवार को जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी ने राशन माफिया के खिलाफ कार्रवाई की। मौके से 13 कट्टे सरकार राशन के बाजरा और 148 कट्टे राशन के चावल के पकड़े गए। दो मुख्य आरोपियों सहित चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
डीएसओ स्वीटी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम ने सदाई गढ़ी, नारखी के सतेंद्र बघेल और राजेंद्र के घर पर दबिश दी। मौके से चावल और बाजरे के कट्टे मिले, जो कि सरकारी राशन से संबंधित थे। इसके बाद इसके टूंडला रोड स्थित गोदाम से भी अन्य माल पकड़ा गया। सतेंद्र-राजेंद्र से पूछताछ की गई तो इन्होंने सरकारी कोटे का यह माल खरीदकर हरियाणा की मंडियों में सप्लाई करने की बात स्वीकार की। मौके पर इनकी एक लोडर गाड़ी भी पकड़ी गई है। इसके अलावा इनके अन्य साथी बंटू लाला निवासी सुहागनगर, मुकेश निवासी आगरा का भी नाम सामने आया है। इन सभी के खिलाफ तहरीर दी है। नारखी थाने में एआरओ सुशील कुमार तिवारी की ओर से तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। चावल-बाजरा को सीज कर दिया गया है।