थाना रसूलपुर के समीप बाइक टकराने को लेकर दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। इससे बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानों के धड़ाधड़ शटर गिर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। दो समुदायों के बीच का मामला होने पर क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया।
घटनाक्रम सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे का है। लालपुर निवासी उपदेश यादव की रसूलपुर के समीप ही जौंन्सी आटो मोबाइल के नाम से दुकान है। दुकान के बाहर उनका बेटा खड़ा हुआ था। तभी नगला मुल्ला निवासी नजीर पुत्र शकील वहां से बाइक लेकर डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। नजीर की बाइक उपदेश यादव के लड़के से टकरा गई। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया। दुकानदारों ने नजीर की पिटाई कर दी। कुछ देर में ही नजीर के समर्थक पहुंच गए। उन्होंने दुकानदारों के साथ मारपीट की तो पथराव शुरू हो गया। इससे बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानों के धड़ाधड़ शटर गिर गए। दो समुदायों का मामला होने पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। पुलिस देख पथराव कर रहे लोग भाग निकले। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। थानाध्यक्ष रसूलपुर ने कहा कि मामले की पड़ताल की जा रही है। तहरीर आने पर ही दोनों ओर से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।