फीरोजाबाद। राजा का ताल के बाशिंदों का सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुरू किया धरना प्रदर्शन रविवार को जारी रहा। आंदोलन को भारतीय जनता पार्टी, अखिल भारतीय यादव महासभा समेत ग्राम रोजगार सेवक संघ ने समर्थन देते हुए कहा कि मुख्य मार्ग से हजारों की संख्या में लोगों को आवागमन रहता है। प्रशासन को चाहिए कि इसका शीघ्र ही निर्माण कराया जाए।
बता दें कि कसबा राजा का ताल के मुख्य मार्ग की हालत काफी खस्ता हो गई। जलभराव के कारण गहरे-गहरे गड्ढों होने के कारण आए दिन दोपहिया वाहन एवं टेंपो पलट जाते हैं। ग्रामीणों के द्वारा मार्ग निर्माण की गुहार विधायक एवं डीएम के साथ ही प्रशासनिक अफसरों से की। प्रदर्शनकारी सुमन प्रकाश यादव ने कहा कि यह आंदोलन सड़क का निर्माण नहीं होने तक चलता ही रहेगा। अविनाश यादव ने कहा कि कोरे आश्वासनों से अब काम नहीं चलेगा।
भाजपा महानगर ईकाई ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने प्रशासन से सड़क बनवाने और जलनिकासी की मांग की। मीडिया प्रभारी अखिलेश शर्मा, राधेश्याम समेत कई पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और व्यापारियों का समर्थन किया।
अखिल भारतीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव एडवोकेट ने कहा राजा के ताल के बाशिंदों की वाजिब समस्या हल होनी चाहिए। पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, चौधरी सुधीर यादव ने रोष व्यक्त किया।
ग्रामीण रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष आदित्य यादव एवं समाजसेवी अनिल यादव ने भी आंदोलन को समर्थन देते हए कहा कि हम सभी ग्रामीण जब तक आंदोलन करेंगे जब तक सड़क को नहीं बनाया जाता है। राजवीर सिंह यादव, बंटी यादव, आर्यन यादव, रमेशचंद्र, महेशचंद्र यादव, राजकुमार श्रीवास्तव, नीरज यादव, भुवनेश यादव, जगदीश यादव प्रधान, लालजी यादव, राकेश जैन आदि शामिल थे।