एका एवं नारखी ब्लाक में दूसरे चरण का मतदान कुछ बूथों के विवाद को छोड़कर शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह बारिश आने के बाद भी 72.05 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एका के दो बूथों पर फायरिंग हुई वहीं नारखी के दो बूथों पर कब्जा करने का भी प्रयास हुआ। पुलिस व प्रशासन की सक्रियता के आगे आखिर उपद्रवियों की एक नहीं चली। एका के एक बूथ पर पीठासीन अधिकारी के नशे में होने की शिकायत पर उसे बदल दिया।
मंगलवार की सुबह एका एवं नारखी ब्लाक के 433 बूथों पर मतदान सुबह सात बजे प्रारंभ हुआ। नारखी ब्लाक में कमान एडीएम कर्मेंद्र सिंह व एसपीसिटी उदय शंकर सिंह ने संभाल रखी थी। लोकी गढ़ी में करीब तीन बजे ही एक प्रत्याशी के पति ने पीठासीन अधिकारी व सुरक्षा कर्मियों से अभद्रता करते हुए पोलिंग डंप कर दी। इससे मतदाताओं में दहशत फैल हो गई। डंपिंग की सूचना मिलते ही एडीएम व एएसपी पहुंचे। उन्होंने कहा कि कुछ मतपत्रों को लेकर भागा है। सिर्फ हाथापाई की है किसी को पीटा नहीं है। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। गढ़ी श्रीराम में भी बूथ कब्जाने की कोशिश हुई। भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम ने कैलाश चंद्र नामक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। नयाबांस में पुलिस की व्यवस्थाएं ढीली ही मिलीं। जाटऊ में पूर्वाह्न 11 बजे सन्नाटा पसरा दिखाई ही दिया।
जशरथपुर पानीगांव का एक बूथ में नौ बजे तक ही 50 प्रतिशत तक वोट डाल लिए थे। बरतरा में बारिश के दौरान मतदान रुका रहा। इधर डीएम एवं एसपी ने एका ब्लाक में सुबह से डेरा डाल लिया था। सीडीओ सुजीत कुमार, एएसपी देहात संजय यादव,नगर मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह एवं सीओ प्रशिक्षु प्रेम प्रकाश के साथ काफी फोर्स एका ब्लाक में मुस्तैद था। सुबह नौ बजे के करीब एका ग्राम पंचायत के प्रधान प्रत्याशी नवरतन सिंह को ही प्रशासन ने नजरबंद कर दिया। समर्थकों ने हंगामा किया। पुलिस फोर्स ने लठियाकर भगा दिया। रामपुर में पोलिंग डंपिंग की आशंका पर हवाई फायरिंग हुई और मतदान आधा घंटे रुका रहा। एसडीएम अमित सिंह, सीओ शमशेर बहादुर सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। उपद्रवी भाग तो गए। मौके से दो कारऱ्तूस के खोखे मिले। अधिकारियों ने मतदान शुरू कराया। एजेंट सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया।
प्राथमिक स्कूल सिकंदरपुर फायरिंग के चलते आधा घंटा तक मतदान रुका रहा। पुलिस ने जेड़ा में उपद्रवियों से हथियार बरामद किए हैं। एका, फतेहपुरा के साथ कई गांवों में विवाद की स्थिति बनी। राजपुर गांव में पुलिस व्यवस्था ढीली दिखी। एका के मोहम्मदपुर बूथ पर तैनात पीठासीन अधिकारी बाबूराम शर्मा के नशे में धुत पाए जाने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। सेक्टर मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के बाद वहां पर जयगोपाल यादव को पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
----------------------------------
समय नारखी एका कुल
09.00 बजे 14.00 13.00 13.50 प्रतिशत
11.00 बजे 35.00 32.00 33.00 प्रतिशत
01.00 बजे 48.00 50.00 49.00 प्रतिशत
03.00 बजे 64.00 64.00 64.00 प्रतिशत
04.30 बजे 73.78 70.33 72.05 प्रतिशत
----------------------------------
देर रात्रि तक चला मतपेटिकाओं को जमा कराने का काम
अमर उजाला ब्यूरो
फीरोजाबाद/नारखी/एका। दूसरे चरण का मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियां संबंधित कालेजों में मतपेटी को जमा कराने के लिए पहुंचना शुरू हो गई। मंगलवार को देर रात्रि तक मतपेटिकाओं को जमा कराने का क्रम चलता रहा।
एका ब्लाक के सभी बूथों की मतपेटिकाओं को एसपीजी इंटर कालेज में जमा कराने का काम देर शाम से शुरू हो गया। कालेज प्रांगण में डीएम विजय किरन आनंद, सीडीओ सुजीत कुमार के साथ आरओ जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय के अलावा सभी एआरओ भी मुस्तैद दिखाई दिए। सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में फोर्स तैनात किया गया। नारखी ब्लाक की मतपेटिकाओं को आरआरएम इंटर कालेज बछगांव में जमा कराया गया। यहां पर एडीएम कर्मेंद्र सिंह, एसडीएम सदर डा. पंकज वर्मा एवं सीओ सदर जगदीश सिंह के अलावा यहां काफी पुलिस बल मुस्तैद दिखा। एडीएम कर्मेंद्र सिंह ने कहा कि ब्लाक में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जहां गड़बड़ी करने का प्रयास हुआ उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मतदान के बाद लगे हारजीत के आंकड़े
एका एवं नारखी ब्लाक में एक दिसंबर को मतदान के समाप्त होने के बाद शाम को हार-जीत के आंकड़े लगाने का क्रम प्रारंभ हो गया। हर कोई अपनी जीत का दावा भी करता दिखाई दिया।