- शकूरबस्ती से सहरसा के बीच 16 फेरे लेगी ट्रेन, टूंडला के यात्रियों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। दीपावली और छठ पूजा के महापर्व पर ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों के लिए एक और विशेष ट्रेन चलाई है। यह ट्रेन 17 से 28 अक्तूबर तक शकूरबस्ती से सहरसा (बिहार) के बीच चलेगी। इस ट्रेन के चलने से टूंडला व आसपास के यात्रियों को खासा लाभ मिलेगा।
प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 04406 शकूरबस्ती (दिल्ली) से सहरसा (बिहार) के लिए 17 अक्तूबर को शाम 05:40 बजे शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन से चलेगी। जो नई दिल्ली, अलीगढ़ जंक्शन होते हुए रात्रि 02:58 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद यह इटावा, कानपुर, गोरखपुर, छपरा होते हुए अगले दिन सुबह 05:30 बजे सहरसा पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 04405 सहरसा से शकूरबस्ती वापसी में 19 अक्तूबर को सहरसा से सुबह 08:00 बजे चलकर, इसी क्रम में चलते हुए अगले दिन रात्रि 10:58 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद शकूरबस्ती के लिए रवाना हो जाएगी। इस स्पेशल ट्रेन में 15 स्लीपर और 02 एसएलआर सहित कुल 17 कोच होंगे, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।