टूंडला। प्रयागराज में शुरू होने वाले महाकुंभ को लेकर रेलवे जनवरी माह में कई विशेष ट्रेनें चलाने जा रहा है। इन ट्रेनों के संचालन से टूंडला से कुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं को खासा लाभ मिलेगा।
महाकुंभ के लिए रेलवे तमाम विशेष ट्रेनें चलाने जा रहा है। टाटा नगर-टूंडला स्पेशल ट्रेन 19 जनवरी को टाटानगर से चलेगी जो प्रयागराज होते हुए 21 जनवरी की शाम 7:20 बजे टूंडला स्टेशन आएगी। सुबह तीन बजे प्रयागराज के लिए रवाना होगी। रांची-टूंडला स्पेशल ट्रेन 19 जनवरी की रात्रि 10:30 बजे रांची से रवाना होगी। जो प्रयागराज होते हुए 20 जनवरी की शाम 6:30 बजे टूंडला स्टेशन पहुंचेगी। साबरमती-बनारस स्पेशल 16 जनवरी को साबरमती से चलेगी जो आबू रोड, अजमेर, भरतपुर, टूंडला होते हुए प्रयागराज जाएगी।
उत्तर मध्य रेलवे की पीआरओ रागिनी सिंह ने बताया कि भावनगर टर्मिनल-बनारस कुम्भ स्पेशल 22 जनवरी को भावनगर से चलेगी जो पालनपुर, आबू रोड, किशनगढ़ होते हुए टूंडला पहुंचेगी और यहां से प्रयागराज को रवाना होगी। वहीं, साबरमती-बनारस कुंभ स्पेशल 19 जनवरी को साबरमती से चलेगी जो टूंडला होते हुए प्रयागराज जाएगी। अहमदाबाद-जंघई कुंभ स्पेशल नौ जनवरी को जंघई स्टेशन से चलकर रतलाम, संवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी होते हुए टूंडला और यहां से प्रयागराज को रवाना होगी।