टूंडला। कानपुर रेलखंड पर जा रही फरीदाबाद स्पेशल मालगाड़ी से गार्ड भदान स्टेशन के पास गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने स्टेशन पर मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे स्टाफ ने गार्ड को टूंडला पहुंचाया, वहां से उसे आगरा भेज दिया गया। ट्रेन बिना गार्ड के ही टूंडला पहुंची।
शुक्रवार सुबह आठ बजे कानपुर से चली फरीदाबाद स्पेशल मालगाड़ी में गार्ड अभय कुमार तिवारी ड्यूटी पर थे। यह ट्रेन सुबह साढ़े ग्यारह बजे करीब भदान रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तभी अचानक वे ट्रेन से गिर गये।
करीब आधा घंटे बाद रेल लाइन किनारे गार्ड को पड़ा देख ग्रामीणों ने भदान स्टेशन मास्टर को जानकारी दी। इस पर मौके पर पहुंचे स्टाफ ने उन्हें दूसरी ट्रेन से टूंडला भेजा गया। जहां से उन्हें इलाज के लिए आगरा भेज दिया गया।
बिना गार्ड के ही ट्रेन पहुंची टूंडला
रेल लाइन से उठाकर गार्ड को कोई टूंडला पहुंचाता उससे पहले ही ट्रेन टूंडला पहुंच गयी, जहां ट्रेन में गार्ड न होने पर रेल प्रशासन ने जानकारी की। तब पता चला कि गार्ड ट्रेन से गिरकर घायल हो गए हैं।