फिरोजाबाद। किसान मंगलवार को डीएपी और एनपीके के लिए समितियों पर भटकता दिखाई दिया। जिले में एक हजार मीट्रिक टन से अधिक एनपीके व डीएपी की रैक आ जाने के साथ उसको समितियों पर भेजना प्रारंभ कर दिया। मंगलवार को दिन में किसी समिति पर एनपीके व डीएपी पहुंच गई थी, तो कहीं सचिवों को आने का इंतजार था। कुछ किसान यूरिया लेकर जा रहे थे।
डीएपी लेने पहुंचे किसान बैरंग लौटे, मिल रही थी यूरिया
खैरगढ़ क्षेत्र की साधन सहकारी समिति नंदपुर हाथवंत पर सुबह 11:30 बजे के करीब सचिव विमल यादव एवं आंकिक विद्याराम मौजूद मिले। गोदाम में रखी यूरिया में से किसान नीरज कुमार एवं राम सिंह खाद की बोरी लेकर जा रहे थे। किसानों को डीएपी नहीं मिलने से फसल की बुवाई प्रभावित हो रही है। दोपहर करीब 1:20 बजे खैरगढ़ साधन सहकारी समिति पर पहुंचे तो यहां किसानों को डीएपी नहीं मिल रही थी। आंकिक सद्दाम हुसैन ने कहा कि यूरिया बांट रहे हैं। डीएपी एक दो दिन में आ जाएगी।
समितियों पर खाद पहुंची, ओटीपी का इंतजार
साधन सहकारी समिति एका पर डीएपी सौ बोरी व एनपीके 300 बोरी थी। समिति पर तैनात सचिव विनोद कुमार ने बताया की डीएपी आ गई है। लेकिन इसका वितरण ओटीपी प्राप्त होने के बाद बुधवार को किया जाएगा। साधन सहकारी समिति उड़ेसर की एका नकटपुर केंद्र है। सचिव तहसीलदार सिंह का कहना है डीएपी प्राप्त नहीं हुई है। एनपीके की 300 बोरी मिली हैं। केंद्र पर डीएपी नहीं होने के कारण किसान लौट रहे हैं।
नारखी, जाटऊ समितियों पर पहुंची डीएपी व एनपीके, कई किसान लौटे
साधन सहकारी समिति नारखी धौंकल पर मंगलवार को दो बजे के करीब चार किसान डीएपी लेने को पहुंचे थे। समिति का ताला लगा हुआ था। इनमें महेशदत्त भारद्वाज निवासी नारखी धौंकल एवं प्रमोद कुमार नारखी धौंकल, विद्याराम निवासी भीकनपुर सहित चार किसान मौजूद थे। 8 नवंबर की पर्ची महेश दत्त के पास थी। महेश दत्त का कहना था कि 8 नवंबर से डीएपी लेने के लिए दौड़ रहा हूं, लेकिन अभी तक खाद नहीं मिल रही है। सचिव अंजली यादव ने बताया कि 200 बोरी एनपीके एवं सौ बोरी डीएपी आई है। बृहस्पतिवार को वितरण होगा। जाटऊ समिति पर भी 200 बोरी एनपीके एवं सौ बोरी डीएपी की पहुंची है। गांगनी समिति पर कोई खाद नहीं पहुंची है, इस कारण किसानों को बैरंग लौटना पड़ा।
क्या बोले किसान
साधन सहकारी समिति नंदपुर हाथवंत पर डीएपी लेने के लिए गए थे। लेकिन डीएपी नहीं मिलने के कारण बैरंग लौटना पड़ रहा है। एक दो दिन में डीएपी आने की बात कही है।
जाबिर अली, नंदपुर
-भकार समिति पर सचिव के द्वारा चहेतों को खाद दी जा रही है। आधारकार्ड जमा कराने के बाद पूरे दिन परेशान किया जाता है। डीएपी नहीं मिलने के कारण फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है। इस ओर अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।
सुरेंद्र सिंह, भकार
-8 नवंबर को कागज जमा करा दिए, लेकिन 19 तारीख हो गई अभी तक डीएपी नहीं दी गई है। नारखी धौंकल समिति पर सिर्फ मनमानी की जा रही है। हमारे खेत की बुवाई नहीं हो पा रही है। इसलिए चक्कर लगाने को मजबूर हूं।
रामदत्त भारद्वाज, नारखी धौंकल
-डीएपी लेने के लिए सुबह आए थे। सचिव एवं स्टाफ चला गया। हम लोग खाद के लिए भटक रहे हैं, यदि निजी दुकानों पर जाएं तो वहां काफी ब्लैक में डीएपी दी जा रही है। अफसरों की मिलीभगत होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं होती है।
विद्याराम, भगीपुर
-जिले में रैक आने के साथ सभी साधन सहकारी समितियों पर डीएपी एवं एनपीके को भेजा जा रहा है। बुधवार को अधिकांश समितियों पर खाद का वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां देर से खाद पहुंचेगी, वहां बृहस्पतिवार को वितरण हो सकेगा।
सुमित कुमार चौहान, जिला कृषि अधिकारी