फिरोजाबाद। सुहागनगरी की हवा मंगलवार को फिर से विषैली हो गई। सुबह से शाम तक सुहागनगरी में स्मॉग छाया रहा। यही कारण रहा कि मंगलवार की शाम को सुहागनगरी में हवा की गुणवत्ता का सूचनांक (एक्यूआई) 286 दर्ज किया गया। सुहागनगरी में हवा की गुणवत्ता में उतार-चढ़ाव मंगलवार को भी जारी रहा। बीते रविवार और सोमवार को वायु का प्रवाह तेज होने व मौसम साफ रहने के कारण हवा में घुलनशील तत्वों की मात्रा में कमी होते दिखी, लेकिन वायु का प्रवाह कम होते ही मंगलवार को हवा की सेहत फिर से खराब हो गई। वायु प्रदूषण से बचने के लिए लोगों को मास्क लगा कर घरों से निकलना पड़ा। मंगलवार को सुहागनगरी में हानिकारक तत्वों में शामिल पीएम-2.5 की मात्रा औसतन 286 माइक्रो मिलीग्राम और पीएम-10 की मात्रा औसतन 153 मिलीग्राम रही। इसके अलावा सुहागनगरी की वायु में कार्बनिक तत्वों की मात्रा भी अधिकतम 47 माइक्रो मिलीग्राम रही। यही कारण है कि सुहागनगरी में शाम करीब 6:30 बजे वायु की गुणवत्ता का सूचनांक 286 एक्यूआई दर्ज हुआ।
-
हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। निर्माण अपशिष्टों के प्रबंधन और लकड़ी-कोयला जलाने जैसी प्रवृत्तियों पर अंकुश को पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।
राजेंद्र प्रसाद, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड