क्यूआर कोर्ड स्कैन करते ही मदद के लिए पहुंचेगी पुलिस
हाईवे के साथ एक्सप्रेस वे पर भी लगाए जाएंगे बोर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। यात्रा के दौरान यदि आपके साथ घटना या दुर्घटना होती है तो आपको पुलिस को फोन करने की जरूरत नहीं होगी। आपको हाईवे और आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लगे 112 नंबर के क्यूआर कोर्ड को स्कैन करना होगा। क्यूआर कोड स्कैन करते ही स्थानीय पुलिस तत्काल आपकी मदद के लिए पहुंचेंगी। यह सुविधा जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे व आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर जल्द शुरू होने वाली है। इसके लिए शासन से हरी झंडी मिल चुकी है, बजट भी स्वीकृत कर दिया गया है।
हाईवे या फिर एक्सप्रेस वे पर हादसा या दुर्घटना होने पर पीड़ित पुलिस को फोन पर सूचना देने का प्रयास करता है। कई बार नेटवर्क की दिक्कत के कारण फोन नहीं लग पाता। ऐसे में पुलिस को पहुंचने में देरी होती है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। फोन न लगने की स्थिति में पीड़ित पुलिस को सूचना देने के लिए हाईवे और एक्सप्रेस वे पर लगे क्यूआर कोर्ड को स्कैन कर सूचना दे सकता है। इससे पुलिस आपकी मदद के लिए पहुंच जाएगी। इस व्यवस्था को पुलिस विभाग अगस्त माह के प्रथम सप्ताह से शुरू करने की तैयारी में है।
हर पांच किलोमीटर पर होगा क्यूआर कोर्ड
पुलिस अफसरों की मानें तो आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हर पांच किलोमीटर की दूरी पर पर एक्सप्रेस वे के दोनों तरफ क्यूआर कोर्ड के बोर्ड लगवाए जाएंगे। जबकि जिले से गुजर रहे नेशनल हाईवे पर टूंडला से लेकर सिरसागंज थाना क्षेत्र के कठफोरी तक 23 स्थानों पर क्यूआर कोर्ड के बोर्ड लगवाए जाएंगे।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के साथ नेशनल हाईवे पर भी क्यूआर कोर्ड के बोर्ड लगवाने का कार्य जल्द शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए एक लाख रुपये शासन से अभी मिला है। क्यूआर कोर्ड को स्कैन करने के साथ ही पुलिस पीड़ित की मदद के लिए पहुंचेगी।
- सुशांत गौर, आईजीएमएस प्रभारी