फिरोजाबाद। प्रशासन ने बाहर से आने वाले ग्रामीणों को गांव में प्रवेश से पहले अस्थाई क्वारंटीन स्थलों पर क्वारंटीन कराने के निर्देश दिए हैं। हाल ही में क्वारंटीन कार्य में शिथिलता की बात सामने आने पर सीडीओ ने सभी एसडीएम व बीडीओ को कड़ाई के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने क्वारंटीन स्थलों की देखरेख का जिम्मा क्षेत्रीय लेखपाल एवं प्रधानों को देने के निर्देश भी जारी किए हैं।
सीडीओ नेहा जैन के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी से बाहर बने अस्थाई क्वारंटीन स्थलों के संचालन में कोताही की जा रही है। सीडीओ के अनुसार बाहर से आने वाले खास तौर पर दिल्ली व महाराष्ट्र से आने वाले लोगों को गांव में घुसने से पूर्व हर हाल में अस्थाई क्वारंटीन स्थलों पर रखा जाए। जिले के सभी एसडीएम व बीडीओ को जारी पत्र में सीडीओ ने कहा है कि बाहर से आने वाले लोगों को क्वारंटीन नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आईं हैं, जो जन स्वास्थ्य की दृष्टी से बेहद हानिकारक हैं। सीडीओ ने इस तरह की शिकायतों पर अंकुश लगाने एवं बाहर से आए व्यक्तियों को हर हाल में पूरी कड़ाई के साथ क्वारंटीन कराने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं क्वारंटीन स्थलों के प्रभावी संचालन के लिए क्षेत्रीय लेखपालों व प्रधानों की जिम्मेदारी तय करने को भी कहा है।