फिरोजाबाद। सड़कों के सुधार के लिए पीडब्ल्यूडी को बजट का इंतजार है। चुनावी वर्ष होने के कारण ग्रामीण अंचल की सड़कों के सुधार के लिए 80 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव तैयार करके शासन को डिमांड भेजी है। बजट मिलते ही सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
गांव को शहर से जोड़ने वाली सड़कों में गहरे-गहरे गड्ढों के कारण राह निकलना मुश्किल हो गया। इन सड़कों के सुधार कराने की सुधि जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी को आई है।
पीडब्ल्यूडी विभाग ने इन सड़कों का संबंधित क्षेत्र के जेई से सर्वे कराने के साथ ही इनको सुधारने के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं। खुद सर्वे करने के साथ-साथ जिले के सभी विधायक एवं सांसद से भी जानकारी ली है। इसके बाद जिले की इन सड़कों को सुधारने के लिए 80 करोड़ रुपये की डिमांड शासन को भेज दी है। विभाग को अगस्त एवं सितंबर माह में बजट मिलने की उम्मीद है। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने से पूर्व गांव की सड़कों को चमका दिया जाए। अब देखना यह है कि 80 करोड़ के प्रस्ताव में कितनी धनराशि मिलती है।
- जिले की खस्ताहाल सड़कों के सुधार के लिए सभी विधायकों के प्रस्ताव को एकत्रित करके शासन से 80 करोड़ धनराशि की डिमांड की है। धनराशि मिलने के साथ ही ग्रामीण अंचल में सड़कों के सुधार का काम काफी तेजी से कराया जाएगा। इसकी प्लानिंग पीडब्ल्यूडी की सभी शाखाओं ने कर ली है।
अजय कुमार राठौर, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड फिरोजाबाद