मक्खनपुर। कस्बा मक्खनपुर नेशनल हाईवे स्थित मां कैलादेवी हास्पिटल के पास पल्सर सवार बदमाश आढ़तियां के यहां काम करने वाले युवक से 84 हजार रुपये लूटकर ले गए। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की गिरफ्तारी को पुलिस ने वाहन चेकिंग की। देर शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोहल्ला पुराना रसूलपुर निवासी इमरान की आढ़त है। इमरान के यहां पर संजय कुमार निवासी खुशालपुर थाना नारखी काम करता है। संजय शिकोहाबाद से तकादा कर बाइक से इमरान के पास आ रहा था। बाइक सवार संजय मक्खनपुर थाना क्षेत्र स्थित मां कैलादेवी हास्पिटल के पास पहुंचा, तभी तभी बिना नंबर की पल्सर सवार दो बदमाशों ने संजय के पास रखे करीब 84 हजार रुपये लूट लिए।
वहां से भाग गए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह के साथ मक्खनपुर थानाध्यक्ष व एसओजी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित से घटना की जानकारी करने के साथ ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। लेकिन देर शाम तक पुलिस को बदमाशों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। थानाध्यक्ष मक्खनपुर ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। पीड़ित से पूछताछ की जा रही है। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।