फिरोजाबाद। नेशनल हाईवे से नियामतपुर होते हुए नगला सिंघी को जाने वाले रास्ते पर नाले के ऊपर छह मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया जाएगा। शासन को भेजे गए प्रस्ताव पर मोहर लगने के साथ बजट भी स्वीकृत हो गया है। पुल का निर्माण 46.89 लाख रुपये से कराया जाएगा।
हाईवे से नियामतपुर जाने के लिए बीच में एक नाला पड़ता है। इस पर पुल न होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कत होती थी। नाले पर पुल का निर्माण कराने के लिए ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। इसे लेकर लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। पुल निर्माण के लिए शासन ने प्रस्ताव मंजूर करने के साथ ही निर्माण के लिए बजट भी स्वीकृत कर दिया है। इसके साथ विभागीय अधिकारियों ने पुल निर्माण की कवायत शुरू कर दी है।
छह मीटर लंबे पुल निर्माण के लिए शासन ने 46.89 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। पुल का निर्माण जल्द करा दिया जाएगा।
संजीव पुष्कर- एक्सईएन लोक निर्माण विभाग