कोटला रोड स्थित गल्ला मंडी में आढ़तियों द्वारा लगाया गया जाम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित नवीन मंडी समिति प्रांगण में अवैध रूप से फड़ लगाने वालों का आढ़तियों ने विरोध किया। आढ़तियों के विरोध के चलते शुक्रवार को सुबह मंडी में काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। जानकारी होने पर मंडी सचिव रामकुमार पहुंच गए। पहले उनके साथ बहस हुई। उसके बाद उन्होंने आश्वासन दिया कि वह समस्या का समाधान कराएंगे। ताकि मंडी के आढ़तियों को हो रही दिक्कत दूर हो सके। इसके बाद आढ़तिये मान गए।
कोटला रोड पर स्थित नवीन मंडी समिति के प्रांगण में लाइसेंसधारी आढ़तियों के अलावा अवैध रूप से आढ़त (फड़) सजाने का काम समिति के स्टाफ की मिलीभगत से चल रहा है। आढ़तियों के द्वारा इसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। शुक्रवार को सुबह मंडी के आढ़तिया संघ के अध्यक्ष नरेश पालीवाल, छोटेलाल पेट्रोल, मंडी समिति आढ़तिया संघ के संगठन मंत्री एवं व्यापारी नेता सतीश सिंघानियां, नरेश यादव ओके, ओमप्रकाश राठौर, रिंकू राठौर, सुभाष सविता सहित काफी आढ़तिया मंडी समिति के सचिव के कार्यालय के पास पहुंच गए।
उन्होंने अवैध फड़ सजाने वालों का विरोध करते हुए रास्ते को रोक दिया। मंडी प्रांगण के जाम होने के साथ सब्जी लेकर जाने वाले पैरोकार तक नहीं निकल पा रहे थे। नरेश पालीवाल का कहना था कि अवैध फड़ सजाने के कारण किसान अंदर की ओर नहीं जाते हैं। छोटेलाल पेट्रोल ने कहा कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया। हमारी आढ़तों पर किसान आते तक नहीं हैं। इसकी जानकारी जैसे ही मंडी सचिव रामकुमार को हुई तो वह तत्काल आढ़तियों के बीच पहुंच गए। आढ़तियों की मंडी सचिव से काफी बहस हो गई। बताते हैं कि इस दौरान सचिव ने देख लेने तक की धमकी दी। बाद में सचिव ने आढ़तियों को आश्वासन दिया कि वह अवैध फड़ वालों का चिह्नांकन करके कार्रवाई करेंगे। इसके बाद मामला शांत हो गया।