फिरोजाबाद। बार काउंसिल की ओर से जारी पहचान पत्र को नहीं मानने, न्यायालय प्रांगण में प्रवेश में दिक्कत व विभिन्न समस्याओं को लेकर जिले के अधिवक्ताओं ने सोमवार को कामकाज ठप रखा। इस दौरान जुलूस निकालकर जिला मुख्यालय पहुंचे अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम चंद्र विजय सिंह को सौंपा।
बार एसोसिएशन फिरोजाबाद के अध्यक्ष नाहर सिंह यादव व महासचिव सुरेंद्र सिंह कुशवाह एडवोकेट के नेतृत्व में जिले के सभी अधिवक्ता न्यायालय प्रांगण में एकत्रित हुए। जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय की ओर चल दिए। अधिवक्ताओं के आने की जानकारी पर पहुंचे डीएम चंद्र विजय सिंह ने ज्ञापन लेने के साथ भरोसा दिया कि वह मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजेंगे। अधिवक्ताओं ने कहा कि सीओपी नंबर वाले पहचान पत्र शासन द्वारा नहीं मानने से रोष है। प्रदेश सरकार की ओर से प्रारंभ योजनाएं, बार काउंसिल को 40 करोड़ प्रतिवर्ष देना, अधिवक्ताओं के चैंबर्स, न्यायालय में लिफ्ट, पार्किंग की व्यवस्था, अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को पूरे प्रदेश में लागू करना, सीनियर अधिवक्ताओं को दस हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की व्यवस्था की जाए।
जुलूस के दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश यादव, शिवशंकर दुबे, योगेंद्र जादौन, धर्मेद्र यादव, छत्रपाल बाबा, देवेंद्र सिंह यादव, रोहित पारस, प्रवीन यादव, आरिफ यादव, शीबा खान, आलिया रफत सादमा, राजेश कुमार, सुधीर माहेश्वरी, सुरेश यादव, आबिद अली, राहुल पचौरी, केके राजपूत, कौशल राठौर सहित काफी लोग मौजूद थे। वहीं हड़ताल के चलते दूरदराज से आने वाले वादकारियों को बैरंग लौटने पर मजबूर होना पड़ा। क्योंकि न्यायालय में कामकाज नहीं हो सका।