जसराना (फिरोजाबाद)। बीती रात्रि थाना जसराना के पाढ़म क्षेत्र के मेला वाले बाग के पास कैंटर और कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया।
विद्युत विभाग में जेई के पद पर तैनात सुरक्षा विहार कॉलोनी आगरा निवासी प्रदीप पुत्र बांकेलाल (30) अपनी पत्नी कमलेश (28), पुत्र प्रतीक (8), पुत्री पलक (6) एवं साले राहुल (22), अंकित (24) के साथ एटा से शादी समारोह में शामिल होकर कार से आगरा लौट रहे थे। थाना जसराना क्षेत्र के पाढ़म मेला वाले बाग के पास शिकोहाबाद की तरफ से आ रहे अनियंत्रित कैंटर ने सामने से टक्कर मार दी। जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में फंसे लोग चीखने-चिल्लाने लगे।
आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने लोगों को कार से निकालने के साथ ही पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जसराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां राहुल एवं अंकित की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। कोतवाल गिरीश चंद्र ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।