टूंडला। ट्रेन मैनेजर के लाइन बॉक्स हटाए जाने के आदेश का बुधवार को जमकर विरोध किया गया। इस दौरान ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल ने क्रू लॉबी परिसर पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही आदेश वापस न लिए जाने पर ट्रेनों को जहां-तहां रोकने की चेतावनी दी। ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल (आईजीसी) के मंडल पदाधिकारी एसपी सिंह व दयाशंकर ने नेतृत्व में क्रू लॉबी पर ट्रेन मैनेजर के लाइन बॉक्स हटाए जाने के आदेश के विरोध में बुधवार दोपहर गार्ड काउंसिल के पदाधिकारी एकत्रित हुए। आदेश का विरोध करते हुए पदाधिकारियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन के दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि बगैर लाइन बॉक्स के ड्यूटी करना संभव नहीं है। अधिकारी काम को अति कठिन करने पर आमादा हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे तुगलकी फरमानों को यूनियन कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर आदेश को वापस नहीं लिया गया तो गाड़ियों को जहां के तहां खड़ा कर दिया जाएगा। एआईजीसी के इस धरने को रेलवे की एनसीआरईएस व एनसीआरएमयू दोनों यूनियनों ने पूर्ण समर्थन दिया। संचालन शाखा सचिव गोविंद बल्लभ मिश्रा ने किया। प्रदर्शन करने वालों में ट्रेन मैनेजर अमितपाल सिंह परमार, सचिन मिश्रा, आजाद कुमार, जावेद अख्तर आदि मौजूद रहे।