फिरोजाबाद। नारखी ब्लॉक के प्राइमरी स्कूल खुशहालपुर में बच्चों से झाड़ू लगवाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। वायरल वीडियो के आधार पर खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ताला खोलकर झाड़ू लगाते मिले बच्चे खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वह समय पर विद्यालय नहीं पहुंचती हैं। बच्चों के अभिभावकों का आरोप था कि प्रधानाध्यापिका के अनुपस्थित रहने के कारण बच्चे ही स्कूल का ताला खोलते हैं और परिसर की सफाई व झाड़ू लगाने का काम करते हैं।
वीडियो वायरल होने पर हुई कार्रवाई हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें स्कूली बच्चे झाड़ू लगाते हुए नजर आ रहे थे। इस वायरल वीडियो और पूर्व में प्राप्त शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए विभाग ने पूनम वर्मा को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। बीएसए आशीष पांडेय का कहना है कि निलंबन के बाद अब मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।