फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किश्त जिले के 1.97 लाख किसानों के खातों में अगले सप्ताह पहुंच जाएगी। उप निदेशक कृषि प्रसार ने मृतक किसानों का सत्यापन का काम लगभग पूरा कर लिया है। अभी तक 429 किसानों के मृत होने की सूचना मिली है। इनके नाम किसान सम्मान निधि वाली सूची से हटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही इसका मिलान तहसीलों में किसानों के मृत होने की आने वाली सूचना से किया जा रहा है। ताकि किसी किसान के जीवित होने के बाद नाम नहीं कटे।
अप्रैल 2021 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जिले 1.97 लाख किसानों को दिए जाने की सूची शासन ने जिले को भेजी है। किसानेों की सूची आने के साथ ही कृषि विभाग ने सूची का मिलान गांव के अनुसार करना शुरू कर दिया है। इसमें उन किसानों को खोजा जा रहा है जिनकी अभी तक मौत हो चुकी है। इनका चिह्नांकन उप निदेशक कृषि प्रसार डा.हंसराज के निर्देशन में हो रहा है।
कृषि विभाग की ओर से किए गए सर्वे में जिले में 429 किसान ऐसे मिले हैं, जिनकी मौत हो चुकी है। ऐसे किसानों के नाम किसान सम्मान निधि पाने वाली सूची से हटाए जा रहे हैं। विभाग ने कृषि विभाग के फील्ड स्टाफ से सूची मंगाने के साथ-साथ एडीएम वित्त एवं राजस्व आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव को पत्र लिखकर जिले के सभी पांच तहसीलों में तहसील की टीमों के द्वारा मृत किसानो की तैयार की गई सूची को मंगाया जा रहा है। ताकि किसान सम्मान निधि की धनराशि किसी अपात्र के खाते में नहीं पहुंच जाए।
- किसान सम्मान निधि की किश्त अगले सप्ताह किसानों के बैंक खाते में पहुंच जाएगी। जिले में मृत मिले 429 किसानों के नाम सूची से हटा दिए हैं। इस सूची का मिलान तहसीलों से मृतक किसानों की सूची मंगाकर कराने का काम चल रहा है। ताकि किसी अपात्र को किसान सम्मान निधि नहीं पहुंच जाए।
डॉ.हंसराज, उप निदेशक, कृषि प्रसार, फिरोजाबाद।