फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पुजारी के खिलाफ देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने सोफीपुर निवासी युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुजारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है कि वह फर्जी कार्रवाई के विरोध में डीएम कार्यालय पर आत्महत्या करेंगे। रोज रोज मरने से अच्छा हैं कि एक बार मर जाऊं। पुजारी का कहना है कि जिस वीडियो पर उसके उपर बसई मोहम्मपुर पुलिस ने उद्योगपति के दबाव में मुकदमा दर्ज किया है वह वीडियो दो साल पुराना है जो शहर के कई लोगों के फेसबुक अकाउंट से उस दौरान ही अपलोड किया गया था। उद्योगपतियों व कुछ राजनेताओं के दबाव में आकर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। जबकि उद्योगपतियों के खिलाफ महज पिटाई की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर टीले वाले हनुमान मंदिर पर पुजारी पंकज शर्मा के साथ शहर उद्योगपति अनिल रानीवाला, दिनेश गुप्ता डीसी और पवन बंसल द्वारा किए जा रहे मांस मदिरापान के विरोध पर इन लोगों ने पिटाई की थी। जिसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने महज पिटाई की धाराओं में उद्योगपतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं उद्योगपतियों द्वारा एक वीडियो वायरल किया गया। जिसमें बताया गया पुजारी द्वारा देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की गई है। जिसमें पुलिस ने सोफीपुर निवासी केशव वर्मा की तहरीर पर पुजारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुजारी पंकज शर्मा ने बताया कि जो उसका जो वीडियो वायरल किया गया है वह दो साल पुराना है। जिसमें उसका अपने भाई व माता-पिता से झगड़ा हुआ था। उसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने उद्योगपतियों के दबाव में आकर मुकदमा दर्ज किया है। इसमें कुछ राजनीति से जुड़े लोग भी शामिल हैं।
आरोपी उद्यमियों पर हो सख्त कार्रवाई
फिरोजाबाद मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव दीपक शर्मा ने यमुना किनारे हनुमान टीला मंदिर पर हुई घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि उद्यमियों के द्वारा जो हरकत की गई है वह निंदनीय है। ऐसे गंभीर मामले में हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना और पुजारी के खिलाफ उल्टा मुकदमा दर्ज करना गलत है। उन्होंने कहा कि हमारे संगठन की मांग है कि खराब सोच रखने वाले उद्यमियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।