फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Firozabad News: ईद की तैयारियां, डीएम-एसएसपी ने परखीं व्यवस्थाएं

Sun, 15 Mar 2026 12:28 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फिरोजाबाद। ईद-उल-फितर के पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में शनिवार को डीएम रमेश रंजन, एसएसपी सौरभ दीक्षित ने गांधी पार्क स्थित ईदगाह मैदान का निरीक्षण किया।
विज्ञापन


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रमेश रंजन ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईदगाह और उसके आसपास के रास्तों पर कूड़े के ढेर न दिखें। उन्होंने त्योहार से पूर्व विशेष सफाई अभियान चलाने, चूना छिड़काव करने और नमाजियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने को कहा।

एसएसपी सौरभ दीक्षित ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचते हुए मातहतों को निर्देश दिया कि ईदगाह और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए। भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात के लिए डायवर्जन प्लान पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि कोई भी शरारती तत्व खलल न डाल सके।
विज्ञापन


इस दौरान नगर आयुक्त प्रशांत नागर, एडीएम विशु राजा, एडीएम न्यायिक अरविंद द्विवेदी, एडीएम नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





ईद की खुशबू से महके बाजार, सेवई और फैनी की बढ़ी मांग

- जरदोजी टोपी बनी युवाओं की पसंद, 8 हजार रुपये तक के कुर्तों की बाजार में धूम

संवाद न्यूज एजेंसी

फिरोजाबाद। ईद के लिए बाजार पूरी तरह गुलजार हो गए हैं। अलविदा जुमा के बाद खरीदारी ने जोर पकड़ लिया है। शहर के मुख्य बाजारों में सुबह से लेकर देर रात तक पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है। खासकर सेवई, फैनी और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा है।

सेवई और फैनी की खुशबू हर बाजार में महक रही है। बाजार में सेवइयां 60 से लेकर 250 प्रति किलो तक उपलब्ध हैं। फैनी 70 से 250 प्रति किलो की दर से बिक रही फैनी की भी जबरदस्त मांग है। पकवानों की मिठास बढ़ाने के लिए काजू, बादाम और किशमिश जैसे मेवों की बिक्री में भी भारी उछाल आया है। इस बार ईद के फैशन में परंपरागत लिबास के साथ-साथ कुछ खास चीजें युवाओं को अपनी ओर खींच रही हैं। बाजारों में 500 से लेकर 8,000 तक के डिजाइनर कुर्ते बिक रहे हैं। इस साल युवाओं के बीच जरदोजी वाली टोपी का क्रेज सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। इसकी कीमत 1200 के करीब है, जो अपने शाही लुक के कारण पहली पसंद बनी हुई है। महिलाओं के सूट और चूड़ियों की दुकानों पर भी खासी भीड़ है। इत्र की छोटी-बड़ी शीशियों की मांग भी बढ़ गई है, जिनकी खुशबू से बाजार सराबोर हैं।



बाजारों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है। मुख्य बाजारों में पैदल गश्त बढ़ा दी गई है ताकि खरीदारों को किसी तरह की असुविधा न हो और यातायात सुचारू बना रहे।


ईदगाह कमेटी ने की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग
फिरोजाबाद। ईदगाह कमेटी ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया है कि ईद 20 या 21 मार्च को चंद्रदर्शन के अनुसार मनाई जाएगी। मुख्य नमाज ईदगाह में सुबह 8:30 बजे, जामा मस्जिद में 8:45 बजे और शाही मस्जिद में 9:00 बजे अदा की जाएगी।

ईदगाह, गांधी पार्क और इस्लामिया कॉलेज के मैदानों की सफाई कराकर वहां सूखी मिट्टी डलवाई जाए। साथ ही गांधी पार्क और ईदगाह के पिछले गेट की खराब सड़कों को जल्द बनवाया जाए। ईद से दो दिन पहले और दो दिन बाद तक निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाए। पानी की सप्लाई ईद के दिन सुबह 5 बजे से शुरू करने और ड्रम व जनरेटर की व्यवस्था करने की मांग की गई है। 19 मार्च को मेले जैसे माहौल को देखते हुए सेंट्रल चौराहे से नालबंदान चौराहे तक ट्रैफिक रोकने और गांधी पार्क में पुलिस ड्यूटी लगाने का आग्रह किया गया है। शहर की खराब स्ट्रीट लाइटों और ट्रांसफार्मरों को समय रहते सही कराने की अपील की गई है। सचिव इसरार अहमद खां ने जनहित में इन व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने का अनुरोध किया है ताकि नमाजियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें