संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। रमजान माह के पहले जुमा की नमाज सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद सहित शहर की प्रमुख मस्जिदों में रोजेदारों ने नमाज अदा की। मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी।
शहर की प्रमुख मस्जिदों के आस-पास पुलिस फोर्स की भी तैनाती रही। रमजान के पवित्र माह का पहले जुमा की नमाज अदा करने की तैयारी रोजेदारों ने पहले से कर ली थी। रोजेदार सदर बाजार में स्थित जामा मस्जिद के साथ-साथ ही कटरा मोहल्ला स्थित शाही मस्जिद, मस्जिद मेवा फरोशां, नाला वाली मस्जिद एवं आगा शाही मस्जिद सहित शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा करने के साथ ही अल्लाह ताला से मुल्क की तरक्की एवं अमन चैन की दुआ की। जामा मस्जिद में मौलाना असद अलीम शमशी, प्राचीन शाही मस्जिद में मोहम्मद आरिफ साहब, मस्जिद मेवा फरोशान में मौलाना शफी अहमद कासमी, मस्जिद आगा शाह मौलाना फारुख, मस्जिद शेख लतीफ मुफ्ती तनवीर अहमद कासमी, आयशा मस्जिद मौलाना आलम मुस्तफा याकूबी सहित अन्य मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नमाज का क्रम दोपहर 12.30 बजे से प्रारंभ होकर 2.45 बजे तक चलता रहा। महिला एवं युवतियों ने घरों पर ही जुमा की नमाज अदा की। नमाज अदा करने के बाद बाजार में खरीददारी करती दिखाई दीं।
शाम को 6.24 बजे इफ्तार के साथ रोजा खोला गया। नमाज के दौरान एसएसपी सौरभ दीक्षित के निदेशन में एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद,एसडीएम सत्येंद्र सिंह, सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया, करबला कमेटी अध्यक्ष हिकमत उल्ला खां, जामा मस्जिद के सेक्रेटरी सूफी जमील नासिर अबरारी मौजूद थे।