जुमे की नमाज अदा करके मांगी अमन-चैन की दुआ
रमजान माह के चौथे जुमा पर मस्जिदों में नमाज अदा करने उमड़े रोजेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। रमजान के चौथे जुमा पर शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा करके मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी। शहर की प्रमुख मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात रहा।
पवित्र रमजान माह के चौथे जुमा के दिन सुबह से ही रोजेदार मस्जिदों में नमाज अदा करने की तैयारी करते दिखाई दिए। मस्जिदों में रोजेदारों के आने को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने साफ सफाई कराने के साथ ही चूने का छिड़काव कराया गया। नमाज का वक्त होते ही दोपहर को रोजेदार सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद, कटरा पठानान स्थित शाही मस्जिद के साथ ही मस्जिद मेवा फरोशां, आगाशाही मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में रोजेदार मुस्लिम समाज के बुजुर्ग नौजवान बच्चे नमाज अदा की। प्राचीन जामा मस्जिद में मौलाना असद अलीम शमशी, शाही मस्जिद में मोहम्मद आरिफ, मस्जिद मेवा फरोशान में मौलाना शफी अहमद कासमी, मस्जिद आगा शाह मौलाना फारुख ने नमाज अदा कराई। इस दौरान मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी। शहर की प्रमुख जामा मस्जिद पर नगर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा सीओ सिटी कमलेश सिंह ने पहुंचकर करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खां, जामा मस्जिद के सेक्रेटरी सूफी जमील नासिर अबरारी और नमाजियों से मुलाकात की।