फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण के बीच विद्युत विभाग को राजस्व बढ़ाने की चिंता सता रही है। अब विभागीय अधिकारी बड़े बकाएदारों से ऑनलाइन बिल जमा करने की अपील कर रहे हैं। इसके लिए अधिकारियों द्वारा बड़े बकायेदारों से फोन पर संपर्क किया जा रहा है।
सामान्य दिनों में सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक बिजली के बिल जमा किए जाते हैं। हालांकि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर कैश काउंटर का समय सुबह दस बजे से दो बजे तक कर दिया गया है। एक और दो किलोवाट के उपभोक्ताओं द्वारा कोरोना कर्फ्यू के बीच बिल जमा करने का प्रयास किया जा रहा है तो बड़े बकाएदारों के साथ पांच किलोवाट और उससे अधिक के उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर रहे हैं।
बड़े उपभोक्ताओं द्वारा समय से बिल जमा नहीं किए जाने के कारण विद्युत विभाग के अधिकारियों को राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा होने की चिंता सताने लगी है। लक्ष्य पूरा करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारी पांच और उससे अधिक किलोवाट के उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क कर बिल जमा करने की अपील कर रहे हैं।
एक्सईन अरविंद पांडेय ने बताया कि बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क किया जा रहा है। उन्हें ऑनलाइन माध्यम से विद्युत बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऑनलाइन बिल जमा करने केव बाद डिटेल व्हाट्सएप पर भेजकर रसीद प्राप्त की जा सकती है।