फिरोजाबाद। ग्राम पंचायतों में सचिवों की कमी के मद्देनजर दस हजार की आबादी पर एक क्लस्टर बनाकर तैनाती किए जाने के आदेश उप निदेशक पंचायत प्रवीणा चौधरी ने दिए हैं। शासन का आदेश आने के बाद जिले की सभी 564 पंचायतों को 170 क्लस्टर में बांट दिया गया है। इसके बावजूद जिले में सचिवों की कमी है। जिले में पंचायत सचिवों की कमी के साथ एक-एक सचिव के पास कई पंचायतों की जिम्मेदारी होने के कारण पंचायतों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। किसी के पास एक साथ कई पंचायतों की जिम्मेदारी है तो किसी के पास कुछ नहीं है।
शासन की ओर से उप निदेशक पंचायत प्रवीणा चौधरी ने सभी डीपीआरओ को पत्र जारी किया कि दस हजार की आबादी पर क्लस्टर बनाकर सचिवों की तैनाती की जाए। शासन का आदेश आने के बाद डीएम चंद्र विजय सिंह एवं सीडीओ नेहा जैन के निर्देशन में डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने क्लस्टरों को तैयार कराया है। इसके हिसाब से भी जिले में कम से कम 170 पंचायत सचिवों की आवश्यकता होगी। हालांकि जिले में पंचायत सचिवों की संख्या ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी को मिलाकर 140 है। प्रशासन की ओर से क्लस्टरों को तैयार कर शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है।