टूंडला। थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद में बुधवार देर रात बसपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य हत्याकांड के गवाह ने खुद पर फायरिंग होने की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में दौड़ लगा दी, हालांकि शुरुआती जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हो सकी है।
मोहम्मदाबाद में बसपा नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद उर्फ पप्पू कुशवाहा की 26 अप्रैल 2025 को गोली मारकर और चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा था, जो वर्तमान में जमानत पर हैं। बुधवार रात करीब 11 बजे मृतक के पुत्र प्रिंस कुशवाहा ने पुलिस को सूचना दी कि अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात हमलावरों ने उन पर तीन राउंड फायरिंग की तथा वह किसी तरह बच निकले। फायरिंग की सूचना पर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण में उन्हें वहां गोली चलने का कोई खोखा या अन्य पुख्ता सबूत नहीं मिला। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर गहनता से जांच की है, लेकिन फिलहाल फायरिंग की पुष्टि के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। चूंकि यह मामला एक हाई-प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़ा है, इसलिए हम बहुत बारीकी से जांच कर रहे हैं। पुरानी रंजिश को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।