फिरोजाबाद। बकरी चराने निकली वृद्धा विजय रानी (85)की शुक्रवार शाम कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में मृतका के बेटे ने चचेरे भाइयों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल की काल डिटेल (सीडीआर) से भी घटना के समय एवं लोकेशन को खंगाल रही है।
थाना नगला खंगर के मठैया की ठार निवासी वृद्धा विजय रानी शुक्रवार दोपहर घर से बकरी चराने नाती के साथ निकली थीं। जहां उनकी कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई थी। बेटे मुन्ना ने इस मामले में परिवार के ही रामबाबू और प्रेमबाबू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस संदिग्ध आरोपियों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का वृद्धा के परिवार से ऐसा कोई गंभीर विवाद नहीं था। जिससे हत्या कर दी जाए। वृद्धा की हत्या से आरोपियों को सीधा लाभ होता भी दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में हत्याकांड की जांच में लगी पुलिस टीमें सभी बिंदुओं का गहराई से छानबीन कर रही है। थाना प्रभारी गिरीश कुमार ने बताया कि हत्याकांड की गहनता से जांच की जा रही है। संदिग्धों के मोबाइल की सीडीआर खंगाली जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।