- 2064 स्थानों पर होगा होलिका दहन, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। इस वर्ष रमजान के पाक माह के बीच होली का त्योहार है। पुलिस इन दोनों विशेष पर्वों को लेकर अभी तक से सतर्क हो गई है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने मास्टर प्लान तैयार कर सभी एएसपी, सीओ, थानेदारों को सौंपा है। अभी से होलिका दहन स्थल, डीजे संचालक, शराब तस्करों पर निगाह रखी जा रही है।
जिले में इस बार कुल 2,064 होलिका दहन स्थल बनाए गए हैं, जिनमें अकेले एका थाना क्षेत्र में 200 से अधिक स्थल शामिल हैं। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। सुरक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक 10 होलिका दहन स्थलों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इस बार सुरक्षा व्यवस्था में जिले में ट्रेनिंग ले रहे 500 से अधिक नए जवानों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। जिले में 52 मिश्रित आबादी वाले इलाकों को चिन्हित किया गया है, जहां विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है।
शराब तस्करों और डीजे संचालकों पर नकेल
एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि पुलिस उन पुराने शराब तस्करों का रिकॉर्ड खंगाल रही है जो पूर्व में सक्रिय रहे हैं। यदि कोई शराब तस्करी या अवैध भंडारण करते पाया जाता है, तो उसे तत्काल जेल भेजा जाएगा। डीजे संचालकों के लिए चेतावनी भी जारी की गई है। अगर, डीजे पर अश्लील या जातिगत विद्वेष फैलाने वाले गाने बजाने पर पूर्ण पाबंदी है। नियमों का उल्लंघन करने पर संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी और डीजे को जब्त कर लिया जाएगा।
सुरक्षा समितियों का गठन और डिजिटल मैपिंग
प्रशासन द्वारा प्रत्येक दहन स्थल के लिए होलिका दहन सुरक्षा समिति-2026 का गठन किया जा रहा है। इन समितियों में वर्तमान/पूर्व ग्राम प्रधान या पार्षद को अध्यक्ष और सदस्य बनाया गया है। प्रत्येक होलिका स्थल की सटीक स्थिति को डिजिटल मैप पर दर्ज किया जा रहा है। समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे अफवाहों का खंडन करें और असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
मथुरा की लट्ठमार होली में फिरोजाबाद पुलिस संभालेगी कमान
- 322 पुलिसकर्मियों का दल 22 को होगा रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। मथुरा के बरसाना में होने वाले विश्व प्रसिद्ध होली महोत्सव (लड्डू व लठ्ठमार होली) की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए फिरोजाबाद पुलिस मथुरा जाएगी। जिले से कुल 322 पुलिसकर्मियों के एक बड़े दल को मथुरा भेजा जाएगा।
यह बल 22 फरवरी को दिन में मथुरा के लिए रवाना होगा। मथुरा में यह दल 23 फरवरी से 28 फरवरी तक सुरक्षा ड्यूटी तैनात रहेगा। इनमें एक एडीशनल एसपी, दो डिप्टी एसपी, और 10 इंस्पेक्टर के अलावा 50 सब इंस्पेक्टर, 200 कांस्टेबल और हेडकांस्टेबल, और 8 महिला सब इंस्पेक्टर, 30 महिला कांस्टेबल, 16 ट्रैफिक कर्मी और 5 एलआईयू कर्मी भी इस दल का हिस्सा हैं।