जिला मुख्यालय पर बेहोशी की हालत में मिली युवती।
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस चौकी के समीप बेहोशी की हालत में युवती को पड़ा देख काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस युवती को लेकर अस्पताल पहुंची और भर्ती करा दिया। इस बीच परिवारीजन भी जिला अस्पताल आ गए। युवती के होश में न होने के कारण परिवारीजन घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके हैं।
युवती के पिता अनिल कुमार ने बताया कि वह रामगढ़ थाना क्षेत्र के नगला मिर्जा बड़ा का रहने वाला है। उसकी पुत्री कृष्णा कृपलानी (24) एक दवा कंपनी में एमआर है। सुबह करीब नौ बजे वह चिकित्सकों के पास जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोपहर 12 बजे करीब मटसेना पुलिस का फोन उसके पास आया कि कृष्णा कृपलानी अस्पताल में भर्ती है। इस पर वह परिवारीजनों के साथ जिला अस्पताल ला गया। युवती के साथ जहरखुरानी हुई या फिर कोई अन्य घटना। पिता का कहना है कि जानकारी युवती के होश में आने के बाद ही हो सकेगी। वहीं, मटसेना पुलिस का कहना है कि युवती को दौरे आते हैं। इसके कारण वह जमीन पर गिरने के साथ ही बेहोश हो गई थी, जबकि पिता ने इस तरह की बीमारी से इनकार किया है।