शिकोहाबाद। मोहल्ला आदर्श नगर में आंबेडकर पार्क में रखी होली को कुछ लोगों ने फेंक दिया। इसके बाद दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
आदर्श नगर में आंबेडकर पार्क है। विगत कई सालों से यहां सिर्फ गंदगी और जलभराव रहता था। इस बार पालिका द्वारा धन स्वीकृति कराकर उसके सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। उधर स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर विगत वर्षों से होली दहन होती आ रही है।
लेकिन इस बार पालिका द्वारा बाउंड्री करा दी गई है। जिससे होलिका दहन की जगह बाउंड्री के अंदर हो गई। जब यहां मोहल्लें के लोगों ने होली रख दी तो शुक्रवार सुबह आंबेडकर जयंती अध्यक्ष बॉबी जाटव को कुछ लोगों ने इसकी जानकारी दी। जिसके बाद बॉबी जाटव अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए और लोगों ने होली रखने के स्थान को लेकर हंगामा कर दिया। कुछ लोगों ने होली पर रखी लकड़ियों को उठाकर फेंक दिया। नगला किला और आदर्श नगर के लोगों का कहना है कि यहां होली पहले से जलती आ रही है। लेकिन कुछ लोग होली के त्योहार पर शांति भंग करना चाहते हैं।
जानकारी होने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया। इस संबंध में आंबेडकर जयंती अध्यक्ष ने बताया कि आपसी सहमति हुई है कि इस वर्ष होली यहीं जलेगी, लेकिन अगले वर्ष दूसरा स्थान चयनित कर यहां से हटा दी जाएगी। चौकी प्रभारी अंकित मलिक और स्थानीय सभासद दिलीप कुमार देव ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। दोनों पक्षों में वहीं पर होली जलाने को लेकर सहमति भी हो गई।