हिंदू और मुस्लिम मिश्रित आबादी करबला की पुलिया पर तैनात पुलिस फोर्स के साथ मजिस्ट्रेट
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के चलते जिले भर में पुलिस प्रशासन हाईअलर्ट रहा। पुलिस की गाड़ियां बाजार व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में राउंड लेती रहीं। शहर की मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों नगला बरी चौराहा, सैलई चौराहा, लालपुर, टीला मोहल्ला, उर्वशी चौराहा, इमामबाड़ा का चौराहा, चौकीगेट, हुंडावाला बाग, नया रसूलपुर आदि में पुलिस की तैनाती की गई। बाजार में चौराहों पर भी पुलिस की टीमें मुस्तैद रहीं।
एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। दोपहर को भूमि पूजन के बाद कहीं किसी कार्यक्रम का आयोजन तो नहीं हो रहा है, इसकी निगरानी के लिए टीमें जगह-जगह भ्रमण करती रहीं। ग्रामीण अंचल में एसपी देहात राजेश कुमार शिकोहाबाद में सीओ इंदुप्रभा सिंह, एसडीएम देवेंद्रपाल सिंह व एसएचओ सुनील कुमार के साथ सक्रिय रहे। जसराना में सीओ अजय चौहान व एसडीएम के साथ पुलिस की टीम सक्रिय थी। सिरसागंज में सहायक पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज रजा, एसडीएम कुमारचंद्र ज्वालिया सक्रिय रहे।