सुहागनगरी में सगे भाई साथ में अपराध करते थे। मुठभेड़ में दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सरेआम मैरिज होम पर फायरिंग की थी। दोनों पर 21 मुकदमे दर्ज हैं।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मैरिज होम में फायरिंग करने वाले दो सगे भाई मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए हैं। इन्होंने जान से मारने की नीयत से अपने ताऊ एवं मैरिज होम संचालक पर फायरिंग की थी। पुलिस ने इन्हें रविवार को टापा खुर्द के समीप मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पकड़े गए दोनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं। दोनों पर 21 मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
बीते शनिवार की शाम को रहना क्षेत्रांर्गत एक शादी समारोह आयोजित था। शादी समारोह में कुछ लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। इस पर मैरिज होम संचालक ने आपत्ति जताई थी। इससे शराब पीकर हंगामा कर रहे दो शातिर अपराधियों योगेंद्र उर्फ मोनू एवं कमलेश उर्फ करुआ पुत्रगण बबलेश निवासी जैन नगर ने शादी समारोह में फायरिंग कर दी।
यही नहीं दोनों ने मैरिज होम संचालक पर निशाना साधते हुए गोली चला दी। यही नहीं बीच बचाव में आए अपने रिश्ते के ताऊ पर भी निशाना साध दिया। दोनों लोग बालबाल बचे। वहीं शादी समारोह में फायरिंग की सूचना पर थाना उत्तर पुलिस मौके पर दौड़ी लेकिन तब तक दोनों लोग मौके से फरार हो गए थे।
थाना उत्तर प्रभारी वैभव कुमार सिंह ने बताया कि तभी से दोनों की तलाश में जुटी थी। रविवार की सुबह मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना उत्तर पुलिस ने ककरऊ कोठी के समीप नजरें टिका दीं। इसी दरम्यान शादी समारोह में फायरिंग के दोनों आरोपी सगे भाई मोटर साईकिल पर उधर से गुजरते दिखे। पुलिस ने दोनों का पीछा किया। पीछा करने के दौरान ही पुलिस की टापा खुर्द के समीप दोनों अपराधियों से मुठभेड़ हो गई।
फायरिंग के दौरान दोनों अपराधियों के पैर व जांघ में गोली लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में दोनों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा। गिरफ्तारी के दौरान दोनों अपराधियों के पास से दो तमंचा,नौ जिंदा कारतूस एवं मोटर साईकिल बरामद की गई। टीम में उत्तर थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह, एसएसआई महावीर सिंह, चौकी इंचार्ज आगरा गेट आदि शामिल रहे।
दोनों भाइयों पर दर्ज हैं 21 मुकदमे
एसपी सिटी सर्वेश मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए दोनों अपराधियों कमलेश उर्फ करुआ एवं योगेंद्र उर्फ मोनू पर कुल 21 मुकदमा दर्ज हैं। इसमें कमलेश पर 21 मुकदमा एवं योगेद्र पर आठ मुकदमा हैं। इनमें कमलेश थाना उत्तर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
रविवार को दिन में हुई अपराधियों व पुलिस के बीच मुठभेड़ के दौरान चलीं गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग चौंक गए। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रेसकर्मियों की भागदौड़ देख लोगों को बाद में पूरा माजरा समझ आया।