प्रधान डाकघर में मंगलवार को काफी भीउ़ रही
नोटबंदी के बाद से डाकघर भी नकदी की समस्या से जूझ रहे हैं। सुहाग नगर स्थित प्रधान डाकघर से सोमवार को चार-चार हजार कैश दिया गया। वहीं मंगलवार को कैश की कमी के कारण मात्र एक-एक हजार वितरित किया जा सका। डाकघर पहुंचे पंकज गुप्ता ने बताया कि तीन घंटे से लाइन में खड़े हैं। अब नंबर आया तो महज एक हजार रुपये मिले हैं। जयदेव तिवारी ने कहा कि दवा खरीदने के लिए पैसे की जरूरत है लेकिन मात्र एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। रनवीर सिंह ने कहा कि महंगाई के दौर में एक हजार रुपये से क्या होगा? अखिलेश गुप्ता ने कहा कि खेत की बुवाई के लिए पैसे की जरूरत है लेकिन डाकखाने वाले एक हजार रुपये दे रहे हैं।
एटीएम बने शोपीस, भटक रहे लोग
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। नोटबंदी के बाद शहर के एटीएम शोपीस बन गए हैं। अभी तक स्टेट बैंक के एटीएम से लोगों को उम्मीद थी लेकिन अब एसबीआई एटीएम के खराब होने से लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। मंगलवार को गणेश नगर, जैन नगर, आगरा गेट, स्टेशन रोड, गांधी पार्क, रानीवाला कंपाउंड, डाकखाना चौराहा सहित अन्य स्थानों पर लगे एटीएम शोपीस बने रहे। सुहाग नगर में कैश लोड होने के इंतजार में केनरा बैंक के एटीएम पर भीड़ नजर आई।