तालाब, नहर के किनारे लगाएं जाएंगे नीम, बरगद और पीपल के पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस : वर्चुअल मीटिंग में सीएम प्रधानों को देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण के दृष्टिकोण से संवेदनशील फिरोजाबाद समेत 27 जनपदों के प्रधानों को वर्चुअल बैठक कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। इस दौरान गांव के तालाब, नहर व सड़क की पटरी और स्कूल-पंचायत परिसर में हरीशंकरी पौधों (नीम, पीपल, बरगद, पाकड़) का रोपण किया जाएगा। इसे देखते हुए वन और जिला पंचायत राज विभाग ने तैयारियां तेज कर दीं हैं।
पांच जून को जिले की ग्राम एवं पंचायतों में सरकारी स्कूल, नहर तालाब की पटरी और मुख्य सड़क के किनारे हरीशंकरी पौधों में शुमार बरगद, नीम,पीपल और पाखड़ आदि पौधों का रोपण किया जाएगा। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत राज विभाग के माध्यम से चिह्नित जगहों पर चारों प्रजाति के एक पेड़ों की पौधों का रोपण होगा। वहीं कांफ्रेंस ऑफ पंचायत-22 कार्यक्रम के तहत पौधरोपकड़ अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम प्रधानों व पंचायत स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील है जिला
पर्यावरण व जल-वायु प्रदूषण के लिहाज से प्रदेश के 27 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इसमें फिरोजाबाद जनपद का नाम भी शामिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला के प्रधानों से वर्चुअल मीटिंग के जरिए सीधे रूबरू होंगे। इस दौरान प्रधानों के आम जन को पर्यावरण संरक्षण और पेड़-पौधों की देखभाल, पौधे के रोपण के विषय पर संदेश देंगे।
-----
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सतत ऑक्सीजन उत्सर्जित करने वाले हरीशंकरी पौधों के रोपण किया जाएगा। हरीशंकरी पौधों में शुमार नीम,बरगद,पीपल,पाखड़ के एक-एक पौधे को नहर की पटरी, स्कूल कैंपस और तालाब अथवा पोखरै के किनारे रोपा जाना है। इस में पंचायत राज विभाग का सहयोग लिया जाएगा।
-डीके सिंह, जिला वन अधिकारी