सीसीटीवी फुटेज और मेटाडोर के नंबर देने के बावजूद कार्रवाई में देरी, सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत हो रहे कार्यस्थल से 18 लाख रुपये मूल्य के लोहे के पाइप चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ठेकेदार ने थाना खैरगढ़ पुलिस पर इस मामले में ढीला रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के दो दिन बाद और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत किए जाने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की गई, लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
थाना रसूलपुर के लालपुर आसफाबाद निवासी ऋषभ कुमार, धैर्य कंस्ट्रक्शन फर्म के संचालक हैं। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म ने नमामि गंगे विभाग के एल एंड टी फर्म से कुछ प्रतिशत कार्य का ठेका लिया था। 9 जुलाई की रात को एल एंड टी के स्टोर से लोहे के पाइप लेकर खैरगढ़ के श्यावरी पंचायत के दरकपुर में उतारे गए थे। 10 जुलाई की रात करीब 2 बजे एक डीसीएम से इन 127 पाइपों को चोरी कर लिया गया, जिनकी कीमत 18 लाख रुपये आंकी गई है।
ऋषभ कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने थाने में शिकायत की, तो पुलिस ने मामले को हल्के में लिया। कई चक्कर काटने के बाद और सीएम पोर्टल पर शिकायत करने के बाद ही उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई। पीड़ित ने यह भी बताया कि उसने टोल टैक्स की सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर डीसीएम का नंबर तक पुलिस को उपलब्ध करा दिया है, इसके बावजूद पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।
लगातार चोरी की वारदात, पुलिस तंत्र पर सवाल
थाना खैरगढ़ इलाके में पिछले 15 दिनों में कई चोरी की वारदात हुई हैं, जिससे पुलिस के कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में एक पीआरवी पुलिसकर्मी के मकान से लाखों की चोरी हुई। इसके बाद चार ट्यूबवेल से स्टार्टर और केबल, फिर दो टावरों से बैटरी और लाखों के उपकरण चोरी कर लिए गए। अब यह 18 लाख रुपये के पाइप की चोरी की घटना हुई है।