दबरई फीडर से आसफाबाद के मोहल्लों की सप्लाई काट देने से आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडे के साथ शनिवार को आसफाबाद स्थित विद्युत उपखंड दफ्तर घेर लिया। आठ दिन से बिजली न मिलने से गुस्साए उपभोक्ताओं के साथ बड़ी संख्या में खाली बर्तन लिए महिलाएं भी थी। लोगों का गुस्सा देख दफ्तर पर मौजूद कर्मचारी डर के मारे भाग निकले। वहीं भीड़ के मशीन रूम तक घुस जाने से अफरातफरी मच गई। मौके पर नगर विधायक के अलावा कई थानों की फोर्स भी पहुंची। लोगों ने चार घंटे तक कार्यालय को घेरे रखा। विधायक के एमडी से बात करने और अधीक्षण अभियंता के मौके पर आकर शाम तक आपूर्ति बहाली का आश्वासन मिलने पर ही लोग शांत हुए।
आसफाबाद के मोहल्ला शांतिनगर, सतीनगर, ओमनगर और राठौर नगर में पिछले आठ दिन से बिजली सप्लाई ठप है। कई बार शिकायत होने के बाद भी आपूर्ति नहीं दी गई। इससे शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। दिन में करीब 11 बजे सैकड़ों लोग लाठी-डंडा और महिलाएं हाथों में खाली बर्तन लेकर बिजली विभाग के उपखंड कार्यालय आसफाबाद घेर लिया। मौके पर पहुंचे नगर विधायक मनीष असीजा, भाजपा नेता सत्यवीर गुप्ता, बसपा नेता खालिद नसीर, नगर मजिस्ट्रेट सुरेंद्र बहादुर, सीओ सिटी आदि ने लोगों को समझाने की कोशिश की। विधायक ने एमडी, डीएम, एक्सईएन आदि से बात की। पर, लोग एक्सईएन को मौके पर बुलाने और तत्काल आपूर्ति बहाली की मांग पर अड़े रहे। एमडी की फटकार के बाद दोपहर दो बजे अधीक्षण अभियंता डीके त्यागी मौके पर आए।
इनसेट
एक्सईएन देहात और शहर आमने-सामने
विभागीय सूत्रों की माने तो शांतिनगर, सतीनगर, ओमनगर और राठौर नगर की सप्लाई को लेकर एक्सईएन देहात और शहर आमने-सामने हैं। एक्सईएन देहात ने इन मोहल्लों कोे शहरी क्षेत्र में बताते हुए दबरई फीडर से सप्लाई कटवाने के साथ हाईटेंशन लाइन के तार और ट्रांसफार्मर भी उतार लिया है। जबकि एक्सईएन शहर ने इन मोहल्लों को देहात का बताते हुए शहर से लाइन नहीं जुड़वाई।
इनसेट
अधीक्षण अभियंता ने हाथ जोड़कर मांगी माफी
अधीक्षण अभियंता डीके त्यागी के पहुंचते ही भीड़ आक्रोशित हो गई। नारेबाजी करने के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया। पर, पहले से मौजूद कई थानों की फोर्स के कारण भीड़ अपने मकसद में सफल नहीं हो सकी। इस दौरान नगर विधायक से भी अधीक्षण अभियंता की तीखी नोक-झोंक हुई, तो फिर से भीड़ उग्र हो गई। हालांकि इस बार अधीक्षण अभियंता ने लोगों से माफी मांगते हुए शाम तक सप्लाई का भरोसा दिलाकर उनका गुस्सा शांत किया।
इनसेट
शर्म आनी चाहिए फोन तक नहीं उठाते
आक्रोशित भीड़ का सामना करते-करते नगर मजिस्ट्रेट सुरेंद्र बहादुर यादव को भी बिजली विभाग के अफसर, कर्मियों पर गुस्सा आ गया था। उन्होंने एसडीओ आसफाबाद और एसडीओ सुहागनगर को फटकार लगाते हुए कहा कि शर्म आनी चाहिए। कई दिनों से बिजली, पानी को तरस रहे लोग यहां चार घंटे से प्रदर्शन कर रहे हैं। फोन करने पर उसे रिसीव करने की फुर्सत नहीं है। यदि शहर की कानून व्यवस्था बिगड़ती तो तुम्हीं लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
बरसात के चलते दबरई फीडर पर फाल्ट हो गया था। इसके चलते सप्लाई बाधित हो गई है, अधीनस्थ अफसर और कर्मचारियों ने जानकारी नहीं दी। फाल्ट ठीक कराकर सप्लाई शुरू करा दी गई है। दबरई फीडर से किसी भी क्षेत्र की लाइन नहीं काटी गई है।
डीके त्यागी अधीक्षण अभियंता
इनसेट
इन मोहल्लों में आसफाबाद और दबरई फीडर से विद्युत सप्लाई की जा रही थी। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। इसलिए सप्लाई काटने के साथ ही एक्सईएन शहर तृतीय को जानकारी दी गई थी। इसके बाद सप्लाई क्यों नहीं दी गई इसकी जानकारी नहीं है।
आरबी राय एक्सईएन देहात
इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के कनेक्शन देहात से है। इस लिए दबरई फीडर से ही अभी तक सप्लाई दी जा रही थी। उन्होंने सप्लाई क्यों काटी इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन अब अधिकारियों के आदेश पर इन लोगों को अब आसफाबाद उपखंड कार्यालय से जोड़ लिया गया है।
महेश चंद्र एक्सईएन शहर तृतीय