फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पानी की मांग कर रहे लोगों ने लगाया जाम, पथराव, बसों में तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
फिरोजाबाद/नारखी। पानी की समस्या से परेशान पहाड़पुर के ग्रामीणों ने मंगलवार को सुबह टूंडला-एटा मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को जबरन हटाने का प्रयास किया तो ग्रामीण भड़क गए और पथराव कर दिया। पथराव में दो रोडवेज बस सहित पुलिस की दो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसमें चौकी इंचार्ज नगला बीच सहित सात लोग घायल हुए हैं। जाम, पथराव की सूचना पर एसपी देहात, एसडीएम टूंडला, सीओ सहित कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
विज्ञापन

थाना नारखी के पिपरौली में बनी पानी की टंकी से पहाड़पुर को सप्लाई जाती है। रविवार के दोनों गांवों के युवकों के बीच विवाद होने के बाद लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया था। लाइन क्षतिग्रस्त होने से सोमवार को गांव में पानी नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने शिकायत की तो अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। मंगलवार को सुबह ग्रामीणों ने टूंडला-एटा मार्ग पर खाली बर्तनों के साथ धरना देना शुरू कर दिया। कुछ देर कोई नहीं आया तो रोड जाम कर दिया। जाम की सूचना पर नगला बीच चौकी प्रभारी अशेष कुमार सिंह कुछ सिपाहियों के साथ पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण समस्या के निस्तारण और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। इस बीच टूंडला, नारखी, नगला सिंधी, पचोखरा व अन्य थानों का पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने जबरन जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीण भड़क गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव होते ही अफरा-तफरी मच गई। पथराव से एटा से आगरा जाने वाली रोडवेज की दो बस, पुलिस की दो जीप क्षतिग्रस्त हो गई। पथराव के दौरान बदायूं डिपो के बस चालक दलवीर, चौकी प्रभारी नगला बीच अशेष कुमार, दो सिपाही और पहाड़पुर निवासी रचना, पुष्पा देवी और केसी कुमार घायल हो गए। पुलिसकर्मियों के घायल होते ही पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। सूचना पर एसडीएम टूंडला बुशरा बानो, एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, सीओ टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
पथराव होते ही बसों से कूदे यात्री
एटा से आगरा जा रही रोडवेज की बसें जाम में फंस गई थी। अचानक पथराव होते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। महिलाएं बच्चों के साथ सीटों के नीचे छुप गई तो पुरुष खेतों की ओर भाग कर जान बचाई।
विज्ञापन

पिपरौली गांव में बनी पानी की टंकी से पहाड़पुर को सप्लाई दी जाती है। पिपरौली गांव के एक युवक ने पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी थी, जिससे पहाड़पुर में पानी नहीं पहुंच रहा था। इसी को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे। ग्रामीणों को समझाने के साथ लाइन ठीक कराके पहाड़पुर में पानी की सप्लाई शुरू करा दी है। पथराव के दौरान चौकी प्रभारी नगला बीच, दो सिपाही और तीन ग्रामीण घायल हुए है।
डॉ. बुशरा बानो, एसडीएम टूंडला
पानी की समस्या को लेकर पहाड़पुर के ग्रामीणों ने जाम लगाया था। जाम खुलवाने के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें तीन पुलिसकर्मी के साथ कुछ ग्रामीण घायल हुए हैं। घायलों को उपचार को भेजा है। कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, एसपी देहात, फिरोजाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें